किसी बात को लेकर कहासुनी या नशे का विवाद, दोस्त ने ले ली दोस्त की जान बीकानेर में 24 घंटे में दूसरी हत्या
किसी बात को लेकर कहासुनी या नशे का विवाद, दोस्त ने ले ली दोस्त की जान बीकानेर में 24 घंटे में दूसरी हत्या
इकबाल खान बीकानेर,बीकानेर। जिले में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की वारदात सामने आने से सनसनी फैल गई। पांचू थाना क्षेत्र में पिता की हत्या की घटना के बाद अब कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की कथित रूप से उसके ही परिचित द्वारा गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनाथ घाटी के नीचे राव बीकाजी की टेकरी के पास स्थित गुलजार बस्ती निवासी 35 वर्षीय शाबिर रविवार देर रात गंभीर हालत में मिला। स्थानीय लोग उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि शाबिर की हत्या उसके परिचित मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू ने कपड़े से गला दबाकर की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे के परिचित थे और लंबे समय से नशे के आदी बताए जाते हैं। लोगों का कहना है कि दोनों गोली सहित अन्य प्रकार के नशे का सेवन करते थे। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि दोनों के बीच गुटखे को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा। हालांकि, इन दावों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

