Logo

खाजूवाला में कांग्रेस की चुनावी बैठक, गोविंद राम मेघवाल बोले 15 से अधिक सीटें जीतकर बनाएंगे बोर्ड

आईरा समाचार बीकानेर। नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को खाजूवाला स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल के नेतृत्व में नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में आवेदन करने वाले दावेदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यवाहक विधानसभा प्रभारी नितेश सोनी भी मौजूद रहे।

बिश्नोई धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोविंद राम मेघवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खाजूवाला की जनता कांग्रेस का बोर्ड बनाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस 15 से अधिक सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ बोर्ड बनाएगी।

मेघवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं मिल रहा तथा मजदूरों के सामने रोजगार का संकट है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और प्रदेश में लूट, हत्या सहित आपराधिक घटनाएं बढ़ने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण जनता की राय के आधार पर करेगी। किसी भी वार्ड में जनता की राय के बिना टिकट नहीं थोपा जाएगा। उन्होंने सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने तथा कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान नगर पालिका के 20 वार्डों से कांग्रेस के लिए प्राप्त आवेदनों पर दावेदारों से एक-एक कर चर्चा की गई। पार्टी के अनुसार 20 वार्डों के लिए कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों पर चर्चा के बाद जल्द ही अंतिम निर्णय लेकर टिकट वितरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में खाजूवाला क्षेत्र के कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी, सरपंच, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.