नवनियुक्त थानाधिकारी देवेंद्र सिंह का भव्य स्वागत, नशामुक्त समाज का दिलाया संकल्प
इकबाल खान,बीकानेर। जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस थाने में सोमवार शाम सर्व समाज मित्र एकता सेवा समिति के तत्वावधान में नवनियुक्त थानाधिकारी देवेंद्र सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय तथा जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
समिति के संरक्षक सुनील दत्त नागल ने बताया कि समारोह में सेवा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता राजकुमार जीनगर, रामकिशोर यादव, सैय्यद अख्तर, के. कुमार आहूजा, देवेश भाटी, खेमेन्द्र जीनगर, रामकिशन महाराज तथा विजय शंकर गहलोत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने थानाधिकारी देवेंद्र सिंह का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और उनके सफल, निष्पक्ष एवं जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं भी यह संकल्प दोहराते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और आमजन की साझेदारी बेहद आवश्यक है। समारोह का समापन सामाजिक एकता, जनजागरण और जनसेवा के संदेश के साथ हुआ।

