Logo

तुर्की के लोग क्यों भेड़ियों के प्रतीक को मानते हैं अपनी पहचान

तुर्की के लोग क्यों भेड़ियों के प्रतीक को मानते हैं अपनी पहचान

पत्रकार इकबाल खान बीकानेर दुनिया की हर सभ्यता ने किसी न किसी जानवर में अपनी संस्कृति, शक्ति और सोच की झलक देखी है। कहीं शेर को राजसत्ता का प्रतीक माना गया, तो कहीं बाज़ को आज़ादी का। लेकिन तुर्क और मध्य एशियाई परंपराओं में भेड़िया केवल एक जंगली जानवर नहीं, बल्कि संगठन, नेतृत्व, धैर्य और वफादारी का प्रतीक माना गया। यही कारण है कि तुर्की इतिहास और लोककथाओं में भेड़िये का उल्लेख बार बार दिखाई देता है।तुर्की और मध्य एशिया की प्राचीन कथाओं में भेड़िये को मार्गदर्शक और रक्षक माना गया। मान्यता थी कि कठिन समय में भेड़िया अपने झुंड को रास्ता दिखाता है और आखिरी दम तक अपने परिवार की रक्षा करता है। भेड़िये की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन माना गया। वह अकेले नहीं, बल्कि पूरे झुंड के साथ चलता है। बूढ़े भेड़ियों को भी झुंड से अलग नहीं किया जाता, बल्कि युवा भेड़िए उनकी रक्षा करते हैं। अनुभवी भेड़िया नेतृत्व करता है और पूरा समूह मिलकर संघर्ष करता है।इसके विपरीत शेर को अक्सर व्यक्तिगत शक्ति और राज का प्रतीक माना गया। शेर की दहाड़ और ताकत उसे जंगल का राजा बनाती है, लेकिन उसका शासन हमेशा स्थायी नहीं रहता। जैसे ही कोई युवा और ताकतवर शेर बड़ा होता है, वह पुराने शेर को चुनौती देता है। कई बार बूढ़े शेर को अपना क्षेत्र छोड़ना पड़ता है और युवा शेरों को भी अपना कबीला छोड़कर नया संघर्ष शुरू करना पड़ता है।यही कारण है कि कई तुर्क योद्धाओं और कबीलों ने भेड़िये को संगठित शक्ति का प्रतीक माना। खासकर काला भेड़िया यानी ब्लैक वुल्फ को बेहद अलग और खतरनाक शिकारी माना जाता था। मंगोल और मध्य एशियाई परंपराओं में काला भेड़िया साहस, धैर्य, रणनीति और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता था।कहा जाता है कि उस्मान गाजी को उनके विरोधी मंगोल गोखरू या काला भेड़िया कहकर पुकारते थे। यह केवल उपनाम नहीं था, बल्कि उनके नेतृत्व और युद्ध कौशल का प्रतीक माना जाता था। उस्मान गाजी ने उस दौर में कई मंगोल और बज़ंतिनी (बाइजेंटाइन) ईसाई हुकूमत के कमांडरों का खात्मा किया और छोटे छोटे कबीलों को संगठित कर उस उस्मानिया सल्तनत की नींव रखी, जिसने आगे चलकर लगभग 650 वर्षों तक एशिया, यूरोप और अफ्रीका के बड़े हिस्सों पर हुकूमत की।भेड़िये और गीदड़ को भी अक्सर लोग एक जैसा समझ लेते हैं, जबकि दोनों में बहुत अंतर है। गीदड़ अवसरवादी माना जाता है, जबकि भेड़िया अनुशासित और संगठित शिकारी होता है। भेड़िये का झुंड अपने घायल और बूढ़े सदस्यों को भी अकेला नहीं छोड़ता। यही बात उसे केवल एक शिकारी नहीं, बल्कि परिवार और एकता का प्रतीक बनाती है। शायद यही वजह है कि तुर्की और मध्य एशियाई परंपराओं में भेड़िया केवल जंगल का जानवर नहीं, बल्कि एक सोच, एक पहचान और एक सांस्कृतिक प्रतीक बन गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.