Logo

बीकानेर कोटगेट-सांखला फाटक अंडरपास निर्माण शुरू करवाने को लेकर हस्ताक्षर अभियान का आगाज़,पैंपलेट बैनर का विमोचन

आईरा समाचार बीकानेर,बीकानेर, 7 मई। कोटगेट और सांखला फाटक पर स्वीकृत अंडरपास एवं अंडरब्रिज निर्माण कार्य में हो रही देरी के विरोध में शहरवासियों ने अब जनआंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के आचार्य चौक में हस्ताक्षर अभियान के पैंपलेट और बैनर का विमोचन किया गया। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित पड़े कार्य को जल्द शुरू करवाने के लिए सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाना है।कार्यक्रम से जुड़े नितिन वत्सस ने बताया कि 8 मई 2026 से कोटगेट पर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अवसर पर शहर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, लोकनाट्य कलाकार दीनदयाल आचार्य, प्रदेश महासचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ, वरिष्ठ अधिवक्ता हीरालाल हर्ष, श्याम आचार्य, शांतिलाल आचार्य सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कोटगेट और सांखला फाटक अंडरपास के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत कर कार्यादेश जारी किया था, लेकिन भाजपा शासन के तीन वर्षों में कार्य रुका रहने से लागत बढ़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चंद लोगों के कारण जनता के हित का कार्य अटका हुआ है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाटक बंद होने पर रोजाना शहरवासी घंटों जाम में फंसते हैं और सरकार को हर संभव प्रयास कर तुरंत कार्य शुरू करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से माननीय उच्च न्यायालय से भी जनहित में हस्तक्षेप की मांग की जाएगी ताकि इस कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

लोकनाट्य कलाकार दीनदयाल आचार्य ने कहा कि सरकार और प्रशासन का दायित्व जनता की परेशानी दूर करना है। जब कार्य स्वीकृत हो चुका है तो प्रशासन को अपने अधिकारों का उपयोग कर निर्माण कार्य तुरंत शुरू करवाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य फिर भी शुरू नहीं हुआ तो शहरवासी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ी तो जाम भी लगाया जाएगा। प्रदेश महासचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ ने कहा कि कुछ लोगों के विरोध के कारण पूरे शहर को परेशानी झेलनी पड़ रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अब यह कार्य जनभावना से जुड़ चुका है और इसे तुरंत शुरू किया जाना चाहिए।

शांतिलाल आचार्य और श्याम आचार्य ने कहा कि परकोटे के भीतर रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। बार-बार लगने वाले जाम और कार्य में रुकावट से आमजन त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने मांग की कि बिना किसी देरी के निर्माण कार्य शुरू किया जाए।वरिष्ठ अधिवक्ता हीरालाल हर्ष ने कहा कि जब आमजन की पीड़ा लगातार बढ़ने लगे तो प्रशासन को संवैधानिक अधिकारों और प्रभाव का उपयोग करते हुए जनहित के कार्य पूरे करवाने चाहिए।इस अवसर पर झवरलाल आचार्य, शिवकुमार आचार्य, जेठमल व्यास, एडवोकेट अनिल आचार्य, लक्ष्मण व्यास, हनुमान आचार्य, नवनीत आचार्य, योगेंद्र आचार्य, मुकेश आचार्य, आशीष रंगा, विजयशंकर गहलोत, मनोज किराडू, राहुल जादूसंगत, अकरम अली, दीपक आचार्य, मुकेश जोशी, नजरुल इस्लाम, शिवशंकर आचार्य सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

प्रेषक : नितिन वत्सस

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.