रेलवे अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन, सुविधाओं में सुधार की मांग
आईरा समाचार बीकानेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन से संबद्ध ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन (AIRPWF) के बैनर तले शुक्रवार को लालगढ़ स्थित रेलवे मंडल अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व फेडरेशन के सेवानिवृत्त जोनल अध्यक्ष मोहम्मद हसन ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मोहम्मद हसन ने कहा कि रेलवे अस्पताल में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की भारी कमी है। मरीजों को समय पर दवाइयां नहीं मिल रही हैं तथा ओपीडी में घंटों तक लंबी कतारों में खड़े रहकर इलाज का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इसका सबसे अधिक असर वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में बीकानेर रेलवे अस्पताल से कई पैरामेडिकल पद समाप्त कर कर्मचारियों को जयपुर स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे स्थिति और खराब हुई है।फेडरेशन के लालचंद इनखिया और रईस अली ने कहा कि अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। चिकित्सकों के समय पर नहीं आने और भोजनावकाश के बाद अपने कक्ष में उपलब्ध नहीं रहने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की प्रक्रिया भी मरीजों के लिए काफी कठिन है।
वक्ताओं ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर फेडरेशन पूर्व में कई बार रेलवे प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत करा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चिकित्सा सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन को ताज मोहम्मद, बी.एल. मीणा, एन.डी. कादरी और मंडल मंत्री गणेश वशिष्ठ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उमा शंकर, भीखा राम, राजेंद्र सिंह पंवार, गणेश सिंह, मोहम्मद सलीम, नंदलाल मोदी, लियाकत अली, ओमप्रकाश एच., सुशील कुमार, रहमत अली, राजेश शर्मा, नीरज भटनागर, गंगाराम सहित सैकड़ों सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।


