आपसी सौहार्द की अनूठी मिसाल ,सेवानिवृत्त पटवारी उस्मान खां ने श्मशान भूमि के रास्ते के लिए दान की अपनी ज़मीन
आईरा समाचार बीकानेर। ग्राम पंचायत शोभासर में आयोजित फॉलोअप शिविर आज एक ऐतिहासिक निर्णय और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल का गवाह बना। राजस्व ग्राम भरूखीरा में नाई समाज के श्मशान भूमि तक पहुंचने के लिए वर्षों से कोई पक्का या सुगम रास्ता उपलब्ध नहीं था, जिससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। आज शिविर के दौरान इस वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी व ऐतिहासिक समाधान हो गया। गांव के ही भामाशाह व सेवानिवृत्त पटवारी जनाब उस्मान खां ने दरियादिली दिखाते हुए अपने निजी खेत की भूमि में से श्मशान घाट के रास्ते के लिए आवश्यक ज़मीन दान करने की घोषणा की।

