Logo

तबादलों के नाम पर शिक्षकों में भय पैदा कर शैक्षिक ढांचे को कमजोर करने के विरोध में निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) को दिया ज्ञापन

 

आईरा बीकानेर / पत्रकार इकबाल खान राजस्थान शिक्षक संघ (शे) एसटीएफआई बीकानेर ने प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित के नेतृत्व में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर निदेशक माध्यमिक शिक्षा को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों के तबादलों का विरोध जताया।

प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित ने कहा कि सत्र की शुरुआत में जब नामांकन अभियान चल रहा है, ऐसे समय हजारों शिक्षकों को तबादलों के नाम पर प्रताड़ित कर शैक्षिक ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि तबादलों में मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी की गई है तथा बदले की भावना से स्थानांतरण किए गए हैं। अच्छा कार्य करने वाले शिक्षकों, असाध्य रोग से पीड़ित, विधवा और दिव्यांग शिक्षकों को भी दूरस्थ स्थानों पर भेजा गया है। इससे प्रदेशभर के विद्यालयों में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई है और नामांकन अभियान पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। कई विद्यालय शिक्षकविहीन हो गए हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित होगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़ ने कहा कि प्रदेश का शिक्षक अब चुप नहीं बैठेगा। शैक्षिक ढांचे को बचाने के लिए शिक्षक सरकार के दमन और तानाशाही का मुखर होकर मुकाबला करेंगे। संगठन ने मांग की कि बदले की भावना और मानवीय संवेदनाओं के विपरीत किए गए तबादले तत्काल निरस्त किए जाएं, अन्यथा पूरे प्रदेश में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री और राज्य सरकार की होगी।

ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी, नगर अध्यक्ष मनीष ठाकुर, नगर मंत्री देवेंद्र जाखड़, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीरबलराम रैगर, प्रवक्ता रवींद्र विश्नोई तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुंदरलाल विश्नोई सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.