बीकानेर में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन आज, डोटासरा व टीकाराम जूली करेंगे जनसभा, कलेक्ट्रेट का होगा घेराव
बीकानेर में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन आज, डोटासरा व टीकाराम जूली करेंगे जनसभा, कलेक्ट्रेट का होगा घेराव
बीकानेर पत्रकार इकबाल खान
पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में चलाया जा रहा पीबीएम सुधारो जनआंदोलन सोमवार को लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में कमियों के चलते आमजन लंबे समय से परेशान हैं। कांग्रेस का कहना है कि अब जनता के सब्र का बांध टूट चुका है और मंगलवार को बीकानेर में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बॉर्डर एरिया में धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के विरोध में भी सर्व समाज में आक्रोश है। जनता की परेशानियों तथा धार्मिक स्थलों की तोड़-फोड़ के मुद्दे को लेकर अब कांग्रेस जनता के समर्थन से आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।इन्हीं मुद्दों को लेकर मंगलवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम. डी. चौपदार तथा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह बीकानेर पहुंचेंगे। सभी नेता जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कर्मचारी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी चेतन डूडी तथा मुस्ताक खान ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग एवं शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल भी मौजूद रहे। नेताओं ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कांग्रेस के अनुसार यह प्रदर्शन पीबीएम अस्पताल में सुधार की मांग तथा बॉर्डर एरिया में धार्मिक स्थलों को तोड़ने के आदेश के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन और जनआंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। पार्टी का दावा है कि जनसभा और कलेक्ट्रेट घेराव में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल होंगे।

