पीबीएम अस्पताल में गार्डों का हंगामा,अधीक्षक का घेराव
पीबीएम अस्पताल में गार्डों का हंगामा, अधीक्षक का घेराव
आईरा समाचार बीकानेर राजस्थान के बीकानेर स्थित संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में बुधवार को सुरक्षा गार्डों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। गार्डों ने अस्पताल अधीक्षक बीसी घीया का घेराव करते हुए कार्यालय के बाहर धरना दिया।प्रदर्शन कर रहे गार्डों ने बकाया वेतन के भुगतान की मांग उठाई और साथ ही नए ठेके के तहत प्रस्तावित कम वेतन का विरोध जताया। गार्डों का आरोप है कि वे गजेन्द्र सिक्यूरिटीज फर्म के अधीन कार्यरत थे, लेकिन उनका वेतन अब तक नहीं दिया गया है।वहीं, अप्रैल से नई फर्म को ठेका दिए जाने के बाद गार्डों को मात्र 7 हजार रुपये वेतन देने की बात कही जा रही है, जिसे उन्होंने पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। गार्डों ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।प्रदर्शन के दौरान गार्डों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की व्यवस्था राजनीति की भेंट चढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

