पंचायतराज चुनाव में मतदान कार्मिकों को सुविधाएं देने की मांग, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
पंचायतराज चुनाव में मतदान कार्मिकों को सुविधाएं देने की मांग, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
आईरा समाचार बीकानेर। राजस्थान शिक्षक संघ (शे) एसटीएफआई के प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी, बीकानेर के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान, जयपुर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आगामी पंचायतराज चुनाव की लंबी निर्वाचन प्रक्रिया को देखते हुए मतदान दलों में कार्यरत कार्मिकों के लिए विभिन्न सुविधाएं और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन पदाधिकारियों ने मांग की कि मतदान दिवस के अगले दिन मतदान दलों में कार्यरत कार्मिकों को अधिकृत विश्राम अवकाश दिया जाए। साथ ही 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के कार्मिकों, सेवानिवृत्ति में दो वर्ष या उससे कम समय शेष रहने वाले कर्मचारियों तथा कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग जैसी गंभीर एवं असाध्य बीमारियों से ग्रसित कार्मिकों को निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त रखा जाए।ज्ञापन में सभी बीएलओ को मतदान दल की ड्यूटी से मुक्त रखते हुए उन्हें निर्वाचन बूथ भत्ता देने की मांग भी की गई। इसके अलावा मतदान दल में नियुक्त प्रत्येक कार्मिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए उनकी ड्यूटी ऐसे चरण में लगाने की मांग की गई, जिसमें वे स्वयं मतदान कर सकें। मतदान दलों में ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को डाक मतपत्र जारी करने की मांग भी रखी गई।प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी, जिला मंत्री अरूण गोदारा, प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित, उपसभाध्यक्ष भंवर सांगवा, देहात संयोजक महेंद्र सिंह पंवार, पूगल अध्यक्ष मांगीलाल धतरवाल, कार्यालय प्रभारी विजय सिंह राजपूत सहित संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे।

