Logo

शिक्षकों और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

 

बीकानेर, 16 जून। राजस्थान शिक्षक संघ (एसटीएफआई) के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठन की उपशाखा बीकानेर (नगर) एवं बीकानेर (देहात) द्वारा अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बीकानेर से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा गया।

संगठन की उपशाखा बीकानेर (नगर) के अध्यक्ष मनीष ठाकुर एवं मंत्री देवेंद्र जाखड़ ने बताया कि संगठन ने विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। इनमें ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्ववत लागू कर शैक्षिक सत्र एक जुलाई से प्रारंभ करने, पोषाहार (एमडीएम) एवं ट्रांसपोर्ट वाउचर का लंबित भुगतान अविलंब जारी करने, सभी विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, बिजली, पानी एवं कमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक विद्यालय में नियमित सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की मांग शामिल है।

इसके अतिरिक्त सभी संवर्गों के लिए स्थायी स्थानांतरण नीति लागू करने, एक अप्रैल 2026 तक की डीपीसी प्रक्रिया पूर्ण करने, नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के टेट अनिवार्यता संबंधी मुद्दे का न्यायसंगत समाधान करने तथा नव चयनित समस्त शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण आदेश जारी करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में आरजीएचएस योजना को निरंतर जारी रखने, पे प्रोटेक्शन के नाम पर 2 जून को जारी वित्त विभाग के आदेश की पुनः समीक्षा कर शिक्षकों से की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा कुछ विशेष मामलों में सातवें वेतन आयोग की विकल्प तिथि में परिवर्तन के लिए छूट प्रदान करने की मांग भी की गई।

उपशाखा बीकानेर (देहात) के संयोजक महेंद्र सिंह पंवार एवं सह संयोजक नाजरा परवीन ने कहा कि यदि इन मांगों की अनदेखी की गई तो संगठन बड़े एवं तीव्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।कार्यक्रम में संगठन के प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी, जिला मंत्री अरुण गोदारा, प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़, संरक्षक रेवंतराम गोदारा, उप सभाध्यक्ष श्याम देवड़ा, विजय सिंह राजपूत, अनिल गौड़, हरि सुथार तथा ताराप्रकाश मोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.