मोहर्रम को लेकर अंजुमन इंतजामिया कमेटी ने कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन
पत्रकार इकबाल खान बीकानेर आगामी 25-26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्थाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अंजुमन इंतजामिया कमेटी ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।अंजुमन इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष रमजान अली कच्छावा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से मोहर्रम के जुलूस मार्गों पर सड़क मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, साफ सफाई और सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर काजी शाहनवाज हुसैन, पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद, सैय्यद अख्तर, मौलाना अलीमुद्दीन जामी, शाकिर हुसैन चौपदार, रेहमत अली, हसन अली खिलजी तथा मेहबूब रंगरेज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।ज्ञापन में मोहल्ला व्यापारियान, दाऊजी रोड, मोहल्ला भिस्तियान, डिडू सिपाहियान, चुनघरान, धोबी तलाई, शीतला गेट, खटीकान, कुचिलपुरा, रामपुरा बस्ती तथा छोटी-बड़ी कर्बला क्षेत्र सहित विभिन्न जुलूस मार्गों और मोहल्लों की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की गई। साथ ही नाली क्रॉस की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य करवाने की भी मांग उठाई गई। कमेटी ने जुलूस मार्गों पर झूलते हुए बिजली के तारों को कसने, विद्युत लाइनों को सुरक्षित बनाने तथा ट्रांसफार्मरों का समय पर मेंटिनेंस कराने की मांग की। इसके अलावा ताजियों और अखाड़ों के गुजरने वाले मार्गों पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। ज्ञापन में मोहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा कसाइयों की बारी क्षेत्र सहित प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने की मांग भी की गई। कच्छावा ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंद विभिन्न जुलूसों और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जानी चाहिए।

