बीकानेर में कांग्रेस की तीन सीटों पर फंसा पेच, उम्मीदवारों को लेकर चल रहा घमासान
बीकानेर में कांग्रेस की तीन सीटों पर फंसा पेच,
उम्मीदवारों को लेकर चल रहा घमासान
आईरा समाचार बीकानेर। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तीसरी सूची में भी बीकानेर की तीन सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई। इनमें बीकानेर पूर्व सीट पर तीन नामों के पैनल पर मंथन चल रहा है,बताया जाता है कि इस सीट के लिये सीएम अशोक गहलोत खुद मॉनिटरिंग कर रहे है। जबकि श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर सीट के लिये प्रत्याशियों के नाम तय नहीं हो पा रहे। कारण यह सामने आया है कि प्रदेश नेतृत्व व राष्ट्रीय नेतृत्व में इन दोनों ही सीटो के पैनल में शािमल नामों को लेकर एकराय नहीं बन पा रही है। इसलिये माना जा रहा है कि संभावित नाम कट भी सकते हैं और चौंकाने वाले नाम अगली सूची में सामने आ सकते हैं। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस आज शनिवार को चौथी सूची जारी कर सकती है। बीकानेर पूर्व सीट को लेकर खबर सामने आई है कि इस सीट के लिये तय किये गये पैनल में पहले दो ही नाम शामिल थे, जिनमें शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद मीढ्ढा लेकिन एक डेयरी कारोबारी अशोक मोदी ने अप्रोच लगाकर अपना नाम फंसा दिया। जबकि श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर सीट के लिये कांग्रेस के दिग्गज नेता अपने चहेते चेहरों को टिकट दिलाने पर अड़े हुए है। वह कोशिश में लगे हैं कि उन्हें टिकट मिले। वहीं मजबूत उम्मीदवारों की पैरवी कोई नहीं कर पा रहा है। फिलहाल तीनों सीटों के पैनल को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व की हरी झंडी नहीं मिल पा रही है।
–इधर,भाजपा ने श्रीकोलायत और खाजूवाला में नहीं खोले पत्ते विधानसभा की चुनावी जंग के लिये भाजपा अपनी तीन सूचियों में बीकानेर की पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है,लेकिन श्रीकोलायत और खाजूवाला में अभी पत्ते नहीं खोले है । हैरानी की बात तो यह है कि इन दोनों ही सीटों पर टिकट के दावेदार भी ज्यादा नहीं।

