कोटगेट और सांखला रेलवे क्रॉसिंग की विकराल समस्या का स्थाई समाधान चाहिए पूर्व विधायक आर.के.दास गुप्ता
कोटगेट और सांखला रेलवे क्रॉसिंग की विकराल समस्या का स्थाई समाधान चाहिए – पूर्व विधायक आर.के.दास गुप्ता
आईरा समाचार बीकानेर बीकानेर शहर को दो भागों में विभाजित करने वाले कोटगेट और सांखला रेलवे क्रॉसिंग गेट की समस्या लंबे समय से स्थानीय जनता के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। पूर्व विधायक और जन संघर्ष समिति के संयोजक आर.के.दास गुप्ता ने प्रभारी सचिव बीकानेर और राजस्थान सरकार को एक लंबा खुला पत्र भेजकर इन रेलवे फाटकों के स्थाई समाधान की मांग की है।पत्र में बताया गया है कि 1991 में मीटर गेज से ब्रॉड गेज लाइन परिवर्तन के दौरान स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटकों को हटाकर बायपास ट्रैक बनाने की पुरजोर मांग की थी। उस वक्त रेल मंत्री और राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भी इसका समर्थन किया था और 2003 में राजस्थान सरकार ने रेलवे बायपास ट्रैक के लिए 61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। लेकिन सरकार बदलाव के चलते यह योजना अधर में छूट गई।इसके बाद राजस्थान सरकार ने अंडर ब्रिज और एलिवेटेड रोड बनाने की कोशिश की, मगर 2011 में मुख्य सचिव ने तकनीकी कारणों से अंडर ब्रिज बनाना अस्वीकार कर दिया। अब खबर है कि कोटगेट फाटक पर आधे हिस्से में अंडर ब्रिज और सांखला फाटक पर दीवार बनाने की योजना है, जो तकनीकी रूप से गलत और जनता के लिए परेशानी बढ़ाने वाली होगी।पत्र में बताया गया है कि सांखला फाटक के पास एक बड़ा अंडरग्राउंड नाला है जिससे गंदा पानी गुजरता है, इसलिए वहां अंडर ब्रिज बनाना संभव नहीं। प्रतिदिन दोनों फाटकों पर करीब 60 बार रेलवे गेट बंद होने से ट्रैफिक जाम लगाए रहता है, जिससे शहरवासियों को भारी दिक्कत होती है। कोटगेट फाटक का लेवल भी अलग है, जिससे बारिश में अंडर ब्रिज जलमग्न हो सकता है और लोगों की जान को खतरा रहेगा।
पत्र में रेडियोजी सफाई के लिए महाराष्ट्र के एक इंजीनियर द्वारा तैयार गलत तकनीकी प्रोजेक्ट पर भी आगाह किया गया है। बीकानेर शहर के मास्टर प्लान (1972-2023) में भी रेलवे बायपास ट्रैक ही स्थाई समाधान के रूप में प्रस्तावित है।पूर्व विधायक ने अनुरोध किया है कि प्रभारी सचिव खुद आकर समस्या का मुआयना करें और रेलवे बायपास ट्रैक बनाने का आदेश जारी करें, ताकि जनता की इस सालों पुरानी समस्या का स्थाई समाधान हो सके।इस खुला पत्र से बीकानेर के लोगों को उम्मीद है कि उनकी लंबे समय से रुकी हुई इस समस्या का स्थाई और सुरक्षित हल निकलेगा।

