मदरसा फैजाने कादरी में 33 बच्चों ने प्रस्तुतियों से दिखाई प्रतिभा
शैक्षणिक एवं दीनी कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ दी प्रस्तुतियां, शिक्षा के महत्व पर दिया संदेश
आईरा बीकानेर, बीकानेर क़ादरी कॉलोनी स्थित क़ादरी वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से संचालित मदरसा फैजाने कादरी में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मदरसे के 33 बच्चों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं दीनी प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा, हुनर और ज्ञान का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने सराहा और उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने शिक्षा एवं दीनी जानकारी से संबंधित विभिन्न प्रस्तुतियां पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ पेश कीं। प्रस्तुतियों के बाद हाफिज व कारी नौशाद अहमद कादरी ने मधुर आवाज में नात-ए-पाक पेश की।
कार्यक्रम में बाहर से तशरीफ लाए हजरत अल्लामा मौलाना सैयद हातिम शाह साहब ने बच्चों की शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की तालीम पर विशेष ध्यान देने और उन्हें अधिक से अधिक शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
कार्यक्रम हजरत मौलाना मोहम्मद सलीम रज़वी साहब, इमाम हैदरी मस्जिद, बीकानेर की निगरानी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजरत अल्लामा मौलाना अकबर आलम साहब अशरफी एवं हजरत मौलाना आरिफ रज़ा साहब सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क़ादरी वेलफेयर सोसाइटी से जुड़े लोगों का विशेष योगदान रहा। मकातिब एवं मदरसे के संचालन में सहयोग करने वाले जनाब अब्दुल रशीद साहब की मेहनत और मशक्कत की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की। सोसाइटी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों के साथ क़ादरी कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा अभिभावकों को बच्चों की तालीम के प्रति जागरूक करना रहा।

