Logo

बैंक कर्मियों का विशाल प्रदर्शन, 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी

बैंक कर्मियों का विशाल प्रदर्शन, 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी

आईरा समाचार बीकानेर, 24 सितंबर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक पब्लिक पार्क शाखा के सामने बैंक कर्मियों ने विशाल प्रदर्शन किया और आईबीए तथा वित्त विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए UFBU संयोजक वाई.के. शर्मा, उपसंयोजक रामदेव राठौड़, मुकेश शर्मा, रूपेश शर्मा, राम प्रताप गोदारा और आनंद ज्याणी ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने, पीएलआई में समानता, लंबित मांगों के शीघ्र समाधान और पुरानी पेंशन बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 7 दिसंबर 2023 को UFBU और IBA के बीच 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन इसके बावजूद मांग लागू नहीं की गई। 8 मार्च 2024 को हुए 12वें द्विपक्षीय वेतन समझौते में भी इस मुद्दे को लेकर सहमति का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार से इसे शीघ्र लागू करने की मांग की।नेताओं ने पीएलआई में असमानता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सभी बैंक कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि लंबे समय से वार्ता के कई दौर होने के बावजूद ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।UFBU की ओर से बताया गया कि 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। 28 सितंबर को सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन से जिला कलेक्टर कार्यालय तक वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें कर्मचारी ब्लैक शर्ट पहनकर शामिल होंगे। 29 सितंबर को सुबह 11 बजे रतन बिहारी पार्क से कोटगेट तक रैली के बाद पुतला दहन किया जाएगा। 30 सितंबर को सुबह 10 बजे एसबीआई पब्लिक पार्क शाखा के सामने प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष मानव श्रृंखला और सभा आयोजित की जाएगी।बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया और 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की निश्चित तारीख घोषित नहीं की, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है।प्रदर्शन में महिला बैंक कर्मचारियों लालसा, बबीता और प्रीति ने भी नेतृत्व किया। सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों ने भी आंदोलन में भाग लेकर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया।UFBU ने कहा कि भारत सरकार के कार्यालयों सहित एलआईसी, बीमा क्षेत्र, आरबीआई और नाबार्ड जैसे कई संस्थानों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू किया जाना चाहिए।प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पीएलआई में समानता, पुरानी पेंशन की बहाली, मेडिकल सुविधाओं तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की। बैंक कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया।प्रदर्शन में एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, केनरा बैंक, सहकारी बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया और ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.