कांग्रेस को झटका बीकानेर के वरिष्ठ नेता गुलाम मुस्तफा ‘बाबू भाई’ ने प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
इकबाल खान, बीकानेर बीकानेर, 24 सितंबर 2026। बीकानेर नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष सामने आया है। मोहल्ला गेरसरियां, फड़ बाजार निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम मुस्तफा ‘बाबू भाई’ ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
अपने हाथ से लिखे इस्तीफा पत्र में गुलाम मुस्तफा ने बीकानेर कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर चुनाव परिणामों ने इस सच्चाई पर मोहर लगा दी है कि जिले में कांग्रेस संगठन की बागडोर ऐसे लोगों के हाथों में है, जो पार्टी की विचारधारा को खत्म करने का काम कर रहे हैं और सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राहुल गांधी की सेक्युलरिज्म की विचारधारा को मजबूत करने वाली नीतियों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
गुलाम मुस्तफा ने अपने इस्तीफे में कांग्रेस की जिला इकाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे ‘आरएसएस की स्लीपर सेल’ तक बताया है। उन्होंने लिखा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए ऐसी संगठन जिला इकाई के साथ कार्य करना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि वे लगातार 40 वर्षों से बिना कोई लाभ का पद लिए कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करते रहे हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को भी भेजी गई है।
गुलाम मुस्तफा ‘बाबू भाई’ बीकानेर शहर कांग्रेस के पुराने नेताओं और प्रमुख अल्पसंख्यक चेहरों में माने जाते हैं। नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर चुनाव के बाद उनके इस्तीफे से स्थानीय कांग्रेस संगठन में चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस संगठन की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

