Logo

11 सितंबर को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल, अधिकारी-कर्मचारी कार्य से रहेंगे विरत

11 सितंबर को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल, अधिकारी-कर्मचारी कार्य से रहेंगे विरत

आईरा समाचार बीकानेर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर शुक्रवार 11 सितंबर को राष्ट्रीयकृत बैंकों एवं ग्रामीण बैंकों में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी। श्रम आयुक्त, नई दिल्ली के स्तर पर लगातार बैठकों के बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने के कारण देशभर के बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे।

बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह लागू करना, पीएलआई योजना को वापस लेकर व्यावहारिक बनाना तथा इसमें संशोधन कर सभी वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को समान रूप से लाभान्वित करना और द्विपक्षीय समझौते के लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करना शामिल है।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल तथा 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल की जाएगी।

राजस्थान में 11 सितंबर को निकाय चुनावों के कारण लागू आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए हड़ताली कर्मचारियों की ओर से किसी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, रैली या सभा आयोजित नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने आचार संहिता के नियमों का पूर्ण पालन करने की बात कही है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स, बीकानेर के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक पब्लिक पार्क, बीकानेर स्थित यूनियन कार्यालय में वाई.के. शर्मा, रामदेव राठौड़, मुकेश शर्मा एवं रूपेश शर्मा 11 सितंबर को सुबह 11.15 बजे पहुंचेंगे। सभी हड़ताली अधिकारी एवं कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में इस दिन कार्य स्थगित रखेंगे। रामदेव राठौड़ उपसंयोजक, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स, बीकानेर

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.