वरिष्ठ नागरिकों ने लिया मतदान का संकल्प, स्वीप अभियान की हुई शुरुआत
आईरा इकबाल खान,बीकानेर, 25 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के लिए स्वीप गतिविधियों की शुरुआत मंगलवार को वरिष्ठ नागरिक संवाद कार्यक्रम के साथ हुई। वृद्धजन भ्रमण पथ पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान की शपथ दिलाई गई।
स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में स्वीप प्रकोष्ठ एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने वरिष्ठ नागरिकों से स्वयं मतदान करने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वरिष्ठ नागरिक समिति के वाई.के. शर्मा योगी ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई। वरिष्ठ नागरिकों ने स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने परिजनों, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी कोऑर्डिनेटर एवं कार्यक्रम के सह प्रभारी गोपाल जोशी ने किया। इस दौरान वाई.के. शर्मा योगी, सुनील दत्त नांगल, श्याम चारण, राजेन्द्र भार्गव, शाकिर अहमद, फारूख, देवेश भाटी, सैयद अख्तर, शक्ति नंदन भानोली, इंजीनियर रघुवीर लुहानीवाल, मधुरिमा, शक्ति नंदन भनोत, घनश्याम सर्जन, जगदीश प्रसाद, महावीर पारीक, प्रेम खत्री, गोपाल कृष्ण, लाल चंद लुहानीवाल, भरत तंवर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
स्वीप प्रभारी शैलजा पांडे ने बताया कि 27 अगस्त को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्रों के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुबह 11:15 बजे ‘मतदान की मेहंदी’ एवं महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर यह कार्यक्रम जवाहर स्कूल, भीनासर में सुबह 11:15 बजे होगा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए उन्हें स्वयं मतदान करने तथा परिवार एवं समाज के अन्य सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।

