बीकानेर कलक्ट्रेट पर देव सा का हवन के साथ आमरण अनशन शुरू
बीकानेर। अपने चिर परिचित अंदाज में पूर्व में प्रशासन को दी गई चेतावनी के मुताबिक सोमवार को पूर्व सिंचाई मंत्री व बीकानेर के दबंग नेता देवी सिंह भाटी ने अपने समर्थकों के साथ जिला कलक्ट्रेट पर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। अनशन शुरू करने से पहले धरना व अनशन स्थल पर भाटी ने यज्ञ के साथ आमरण अनशन का आगाज किया।इस मौके पर भाटी ने कहा कि ‘राज’ व प्रशासन की लापरवाही की वजह से व्यवस्था तंत्र पूरी तरह से चरमरा गया है। गांवों में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। नलकूपों को निर्धारित बिजली नहीं मिल रही है। पशुपालकों को चारा नहीं मिल रहा है। जिसके तहत ग्रामीण अर्थ तंत्र व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उस कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। लोगों के जान व माल की सुरक्षा नहीं रह गई है। जिसके कारण आमजन के मन में एक अनचाहा सा भय घर गया है। दिल्ली व जयपुर में बैठी सरकारों को आमजन से किसी प्रकार का कोई सरोकार नहीं रह गया है। ऐसे में हमारे व आमजन के पास एक ही तरीका रह गया है कि लोकतंत्र में राज व प्रशासन दोनों का ध्यान आकर्षित करने के लिए तथा आमजन के दर्द को समझने के लिए इसके अलावा और कोई उपाय नहीं है।

