बीकानेर रेंज में हर दिन स्थाई वारंटियों की धरपकड़ का अभियान चुनावी दौर में अपराधियों की आई शामत
बीकानेर रेंज में हर दिन स्थाई वारंटियों की धरपकड़ का अभियान चुनावी दौर में अपराधियों की आई शामत
आईरा समाचार बीकानेर। बीकानेर रेंज में सालों से फरार ईनामी अपराधी हो या अलग-अलग थानों के वांछित स्थायी वारंटी..। अमूमन हर दिन ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार करने की कवायद हो रही है। बीकानेर आईजी ओमप्रकाश ने निर्देश पर पुलिस की यही सख्ती आगामी दिनों में चुनाव को लेकर किसी भी प्रकार की अप्रिय वारदात व व्यवधान को रोकने के लिए देखने को मिल रही है। गत सितंबर व अक्टूबर माह में अमूमन हर दिन लंबे समय से फरार, ईनामी अपराधी, आर्म्स एक्ट, तोडफ़ोड़, हत्या के प्रयास, आगजनी जैसे मामलों में वांछित आरोपियों को पकडऩे की कार्रवाई चल रही है। इसके साथ ही हार्डकोर अपराधी, समाजकंटक, हिस्ट्रीशीटर तथा चुनाव में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी एकत्रित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जानकारी में रहे कि आईजी ओमप्रकाश ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए लोकल एवं स्पेशल एक्ट की अधिकाधिक कार्रवाई करने पर जोर दे रखा। इसके साथ ही उन्होंने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ कार्रवाई करने और वारंटों का अधिकाधिक निस्तारण करने पर भी खास फोकस है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को खास तौर पर हार्डकोर, बदमाश व समाजकंटक, हिस्ट्रीशीटर तथा चुनाव में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों की जानकारी एकत्रित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दे रखे है।

