Logo

नाल में चाकूओं से गोदकर युवक की निर्मम हत्या,रोही में मिला लहुलुहान शव।

आईरा क्राइम समाचार अख्तर भाई,बीकानेर। नाल थाना इलाके की रोही में गुरूवार की सुबह एक युवक का लहुलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाई तो पता चला कि २० वर्षीय मृतक पवन मेघवाल पुत्र रतन लाल नाल का निवासी है। पुुलिस ने मौका स्थल से शराब का खाली पव्वा और नमकीन के खाली पैकेट भी बरामद किये। प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में सामने आया कि युवक की हत्या चाकू घोंप कर की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह इत्तला मिली की नाल की रोही में ओवरब्रीज से थोड़ा आगे एक युवक की खून से सनी लाश पड़ी है। इत्तला मिलने के बाद सीआई नाल विक्रम सिंह जाब्ता लेकर मौके पर पहुंच गये। मामला संगीन हालातों में हत्या का होने के कारण एएसपी सिटी,सीओ सदर भी घटना स्थल पर पहुंच गये और वारदात के साक्ष्य सबुत जुटाने के लिये एफएसएल,डॉग स्क्वायड और एमओबी की टीमे भी बुला ली । पुलिस ने बारीकी से घटना स्थल का जायजा लिया वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाये। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि पवन मेघवाल रात भर घर नहीं आया,तो हम लोग उसकी तलाश कर रहे थे। सुबह सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस  वारदात को लेकर मृतक के पिता रतनलाल मेघवाल की रिपोर्ट पर पेमासर निवासी चुन्नीलाल मेघवाल और कैलाश मेघवाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। रतन लाल ने रिपोर्ट में बताया कि दोनों जने रात को मेरे लडक़े को अपने साथ ले गये और खूनी इरादे से चाकूओं से गोद कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात में नामजद दोनों आरोपी फिलहाल फरार है,जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है। सीआई विक्रम सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.