श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर निर्माण शुरू करने की मांग, कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन
आईरा इकबाल खान,श्रीडूंगरगढ़। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी एवं कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नगर रीना को ज्ञापन सौंपकर श्रीडूंगरगढ़ में स्वीकृत ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में लंबे समय से श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की मांग की जा रही है। पूर्ववर्ती राज्य सरकार के कार्यकाल में हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की सहमति से ट्रॉमा सेंटर के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई थी। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा उक्त भूमि चिकित्सा विभाग को आवंटित कर उसका पट्टा भी जारी किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
सलीम भाटी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर बनने से हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों के साथ-साथ क्षेत्र के आम नागरिकों को भी समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने सरकार से आवंटित भूमि पर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने कहा कि क्षेत्र के भामाशाह भी ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। उनका आरोप है कि सरकार बदलने के बाद स्थान परिवर्तन के प्रयासों के कारण परियोजना में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर जैसे जनहित के विषय पर राजनीति नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना से कार्य होना चाहिए।
शिष्टमंडल में सेवादल के राजेश दाधीच एवं कांग्रेस नेता दलीप सिंह भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से श्रीडूंगरगढ़ की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आवंटित भूमि पर शीघ्र ट्रॉमा सेंटर निर्माण का शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ करने की मांग की।

