राजस्थान में मंत्री ही खोल रहे अपनी सरकार की पोल-गजेन्द्र सिंह
आईरा वार्ता बीकानेर । केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का कहना है कि राजस्थान में सुशासन का दावा करने वाली गहलोत सरकार के लिये इससे बड़ी विडम्बना क्या होगी कि मंत्री ही अपनी सरकार की पोल खोल रहे है। शनिवार को यहां गजनेर पैलेसे में आयोजित सुजलम् कार्यक्रम में शामिल होने के लिये बीकानेर प्रवास पर आये गजेन्द्र सिंह ने एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार ऐसी सरकार आई है जो अपने चार साल के शासनकाल में खुद को बचाने में ही लगी हुई है। सुशासन और कानून व्यवस्था पर तो सरकार को कोई ध्यान ही नहीं है। हालात इस कदर हो रहे कि मंत्री और अफसरों में टकराव चल रहा है,विधायक मंत्रियों के खिलाफ हायतोबा मचा रहे है। जनता को काम के लिये इधर उधर भटकना पड़ रहा है। ऐसे में राजस्थान का विकास तो गौण हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की करोड़ो रुपए की योजनाओं को राज्य सरकार धरातल पर नहीं ला पा रही । केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार के सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री कुर्सी के लिये शुरू हुई जंग अब तक खत्म नहीं हुई है। सरकार के मंत्री ही ये बोल रहे है अगर मुख्यमंत्री नहीं बदला गया तो राजस्थान मे आगामी चुनाव में फॉर्च्यूनर गाड़ी जितने विधायक रह जाएंगे । राजस्थान के भाजपा में खेमें चल रही टकराहट के सवाल को टालते हुए उन्होने कहा कि हमारी पार्टी में कोई टकराहट नहीं है। आगामी चुनावों में भाजपा राजस्थान की सत्ता पर काबिज होगी और वो भी प्रचण्ड बहुमत के साथ।

