17 साल बाद बीकानेर में होगा नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन का 23वां वार्षिक अधिवेशन
17 साल बाद बीकानेर में होगा नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन का 23वां वार्षिक अधिवेशन
आईरा समाचार बीकानेर बीकानेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन का 23वां वार्षिक जोनल अधिवेशन इस बार 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक बीकानेर रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा। 2009 के बाद 17 वर्षों के अंतराल पर बीकानेर को इस अधिवेशन की मेजबानी का अवसर मिला है। अधिवेशन में ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन दिल्ली के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड जे.आर. भोसले, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री कॉमरेड मुकेश माथुर तथा जोनल अध्यक्ष कॉमरेड मनोज परिहार शिरकत करेंगे।
अधिवेशन में उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री राजीव सिंह तथा बीकानेर मंडल प्रबंधक श्री गौरव गोविंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। अधिवेशन में बीकानेर मंडल के सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सिरसा, बठिंडा, लालगढ़, बीकानेर, रतनगढ़, चूरू, हिसार तथा लालगढ़ वर्कशॉप की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी एवं डेलीगेट्स भाग लेंगे।
यूनियन का जोनल अधिवेशन प्रत्येक वर्ष उत्तर पश्चिम रेलवे के अलग-अलग मंडलों में आयोजित किया जाता है। इस बार बीकानेर मंडल को इसकी मेजबानी मिलने को यूनियन पदाधिकारी गौरव का विषय बता रहे हैं। अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए मंडल सचिव कॉमरेड गणेश वशिष्ठ एवं मंडल अध्यक्ष कॉमरेड प्रेम कुमार सैनी के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं।
मंडल के सभी शाखाओं की बैठकें आयोजित कर यूनियन पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अधिवेशन से संबंधित विभिन्न समितियों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिवेशन को लेकर बीकानेर मंडल के रेल कर्मचारियों में उत्साह है तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारी और डेलीगेट्स तैयारियों में जुटे हुए हैं। अधिवेशन में पूरे जोन से बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।मोहम्मद सलीम कुरैशी नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, बीकानेर

