चलते ट्रैक्टर पर कूदकर युवाओं ने बचाई कबूतरों की जान, नगर निगम वाहन रोका
चलते ट्रैक्टर पर कूदकर युवाओं ने बचाई कबूतरों की जान, नगर निगम वाहन रोका
बीकानेर। शहर के एसपी मेडिकल कॉलेज चौराहे स्थित पक्षी चुगाघर से नगर निगम के एक ट्रैक्टर द्वारा कबूतरों को पकड़कर ले जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान रक्तवीर सेवा संस्था और जीव रक्षा संरक्षण टीम के युवाओं ने ट्रैक्टर का पीछा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद एक युवक ने चलते ट्रैक्टर पर चढ़कर उसे रोकने का प्रयास किया। बाद में गंगानगर सर्किल पर ट्रैफिक पुलिस की मदद से ट्रैक्टर को रुकवाया गया और उसमें मौजूद कबूतरों को मुक्त कराया गया।
घटना के बाद टीम ने सदर थाने में चालक और संबंधित लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाने की शिकायत दी। साथ ही जिला कलेक्टर और नगर निगम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और ट्रैक्टर को जब्त करने की मांग की।रक्तवीर सेवा संस्था के अध्यक्ष राजेश गोदारा और जीव रक्षा संरक्षण के अध्यक्ष मोखराम धारणिया ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि आस्था के केंद्र चुगाघर से सरकारी वाहन द्वारा कबूतर पकड़ना गंभीर मामला है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।इस दौरान राजेश गोदारा, ओंकारनाथ सिद्ध, अब्दुल कलाम, सिराजुद्दीन पंवार, मोखराम धारणिया, महेंद्र सिंह राजावत, अमरचंद, किशन सारस्वत सहित कई जीव प्रेमी मौजूद रहे। घटना के बाद शहर में इस मामले को लेकर चर्चा रही।

