मांगें नहीं मानी गईं तो 29 जुलाई से कलमबंद हड़ताल, जिला पटवार संघ ने प्रशासन को दी चेतावनी
आईरा इकबाल खान बीकानेर बीकानेर। जिला पटवार संघ एवं भू-अभिलेख कानूनगो (गिरदावर) संघ, बीकानेर ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पटवारियों एवं गिरदावरों से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक और कार्य संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 29 जुलाई से जिलेभर के पटवारी और गिरदावर पेन डाउन कर पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।संघ ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि जिला कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख (एलआर) शाखा में स्थानांतरण प्रक्रिया में अनियमितताएं, धांधली और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। संघ ने इस संबंध में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने भू-अभिलेख शाखा में कार्यरत कर्मचारी कमलेश पुरोहित का तत्काल स्थानांतरण करने तथा तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों का पारदर्शी तरीके से तबादला करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।ज्ञापन में संभागीय आयुक्त द्वारा जारी स्थानांतरण सूची की अक्षरश पालना कराने, संबंधित कर्मचारियों को शीघ्र कार्यमुक्त एवं कार्यग्रहण कराने तथा न्यायालयों द्वारा दिए गए स्टे आदेशों का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
संघ ने राज्य सरकार के फॉलो अप कैंप और गर्दत गिरदावरी कार्यों को एक साथ संचालित किए जाने को अव्यावहारिक बताते हुए इस संबंध में स्पष्ट एवं व्यवहारिक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।जिला पटवार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 29 जुलाई को जिला कार्यालय, बीकानेर पर जिले के समस्त पटवारी और गिरदावर पेन डाउन कर पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे। संघ का कहना है कि इस दौरान राजस्व कार्य प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

