बीकानेर ईद-उल अजहा की तैयारियां तेज, बड़ी ईदगाह में 7:45 बजे अदा होगी नमाज, प्रशासन से व्यवस्थाओं की मांग
इकबाल खान बीकानेर चांद दिखाई देने के बाद ईद-उल-अजहा की तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 मई को मनाए जाने वाले त्याग और बलिदान के इस पर्व को लेकर शहर में व्यवस्थाओं की मांग की गई है। बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 7:45 बजे सामूहिक रूप से अदा की जाएगी, जिसे शहरकाजी जनाब शाहनवाज हुसैन अदा करवाएंगे।
ईदगाह कमेटी के प्रवक्ता एन डी कादरी ने बताया कि ईद-उल-अजहा को लेकर जिला प्रशासन से मुलाकात कर ईदगाह एवं शहर में आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग रखी गई है। इसमें साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, नमाजियों के लिए मैटिंग और सुरक्षा व्यवस्था प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी ईदगाह में हर साल प्रशासन सहयोग करता आया है और इस बार भी बेहतर इंतजाम की अपेक्षा है।
शहर काजी शाहनवाज और ईदगाह कमेटी अध्यक्ष हाफिज फरमान अली ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कहा कि बड़ी संख्या में लोग ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचते हैं, इसलिए समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कादरी ने बताया कि नमाज के बाद लोग कब्रिस्तानों में जाकर अपने पूर्वजों की मजार पर फातेहा पढ़ते हैं और कुर्बानी का सिलसिला शुरू होता है। ऐसे में पूरे शहर में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखना जरूरी है ताकि गंगा-जमुनी तहजीब बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि कुर्बानी केवल जानवर की नहीं बल्कि हसद, घमंड, दिखावा और अहंकार जैसी बुराइयों की भी होनी चाहिए, तभी समाज और देश में वास्तविक सुधार संभव है।

