पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल के समर्थन में समर्थकों की मीटिंग में उमड़ी भीड़, 06 को नामांकन दाखिल करेंगे
पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल के समर्थन में समर्थकों की मीटिंग में उमड़ी भीड़, 06 को नामांकन दाखिल करेंगे
आईरा समाचार बीकानेर।बीकानेर जिले में गुरुवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस में एक और बड़ी बगावत सामने आई हैं। पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल को टिकट नहीं मिलने पर नाराज समर्थको की ओर से बुलाई गई मीटिंग में भावुक हुए वीरेन्द्र बेनीवाल ने समर्थकों के आग्रह के बाद कह दिया, मैं चुनाव लड़ूंगा। कांग्रेस ने लूणकरणसर में डा.राजेन्द्र मूंड को टिकट दिया है।
वीरेन्द्र बेनीवाल यहां से प्रबल दावेदार थे।
भावुक हुए बेनीवाल, कहा जनता ही माई-बाप :
लूणकरणसर के भीमसेन चौधरी राजकीय महाविद्यालय के समक्ष आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि उनके पिता और उन्होंने जीवन पर्यंत कांग्रेस पार्टी की सेवा करते हुए लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हुए सर्वांगीण विकास का प्रयास किया। बेनीवाल ने कहा कि जनता ही माई-बाप है और उनका निर्णय सर आंखों पर। वीरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि वह लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र की जागरूक मतदाताओं के आशीर्वाद व समर्थन के बलबूते आगामी 6 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर जनसभा में मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने हाथ ऊंचे कर उनका समर्थन किया। कांग्रेस ने राजेन्द्र मूँड को दिया है टिकट :
कांग्रेस ने लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से डॉक्टर राजेंद्र मुंड को उम्मीदवार बनाया। इसके साथ ही बगावत की आग और तेज सुलग गई है। इस विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने यहां के जनप्रतिनिधियों व मतदाताओं के आह्वान पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है वीरेंद्र बेनीवाल लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से दो बार कांग्रेस के निर्वाचित विधायक और एक बार मंत्री रह चुके हैं। वीरेंद्र बेनीवाल के पिता स्वर्गीय भीमसेन चौधरी लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से छह बार कांग्रेस के विधायक चुने गए।
समर्थकों ने बुलाई थी मीटिंग :
बेनीवाल का टिकट काटने से आक्रोशित समर्थकों ने दो दिन पहले उग्र प्रदर्शन किया। आज मीटिंग बुलाकर चुनाव लड़ने का दबाव बनाया। हालांकि पार्टी को टिकट पर पुनर्विचार के लिए भी कहा गया है लेकिन ऐसा नहीं होने पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया।]
ये रहे मीटिंग में :
बीकानेर जिला सरपंच संगठन के अध्यक्ष राजाराम झोरड़, बीकानेर पंचायत समिति के प्रधान लालचंद आसोपा, लूणकरणसर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान श्योदान राम नायक, लूणकरणसर ब्लॉक कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष गोविंद राम गोदारा व व बीकानेर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भंवरलाल परिहार सहित पार्टी के मंडल अध्यक्षों व 40 से अधिक ग्राम पंचायत के सरपंच, क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी आलाकमान द्वारा डॉक्टर राजेंद्र मुंड को टिकट दिए जाने का विरोध जताते हुए पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल के पक्ष में समर्थन करते हुए उनसे निर्दलीय चुनाव लड़ने का आह्वान किया, जिसका यहां बड़ी संख्या में मौजूद जनसमूह ने हाथ खड़े कर कर समर्थन किया।

