राजस्थान की दस बड़ी खबरें पढ़े एक मिनट में इक़बाल खान आईरा समाचार पर,
राजस्थान में कहां जारी है अपराध और किस घटना से दहला प्रदेश है। साथ ही राजस्थान की राजनीति में क्या हो रहा है। देखें एक मिनट में दस बड़ी खबर
आईरा समाचार राजस्थान विधानसभा में पेश होने वाले बजट से पूर्व प्रदेश के सबसे बड़े महिला संगठन फोर्टी वुमन विंग की अध्यक्ष रानू नाथानी श्रीवास्तव ने कहा कि बजट में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की योजनाओं पर कार्य करने की जरूरत है। आद्योगिक क्षेत्रों में महिला मैन्युफैक्चर्स के लिए अलग से जोन बनाया जाए। नए जमाने की औरतें मल्टीपरपज है। आज औरतें घर के साथ साथ बाहर का कामकाज भी बहुत ही एफिशिएंट तरीके से मैनेज करती हैं। लेकिन, सही मायनों में देखा जाए तो किसी के लिए भी घर परिवार और ऑफिस दोनों को एक साथ हैंडल करना काफी चुनौती भरा काम होता है। ऐसे में इस बजट में प्रदेश में वर्किंग वुमन सेफ्टी पॉलिसी जारी किए जाने की बहुत जरूरत है।
वन कर्मियो ने नेशनल और सफारी पार्क के लगाया ताला, मांगे नही मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
राजस्थान के वन विभाग के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। 15 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आज से प्रदेश के राष्ट्रीय उद्यानों और सफारी को आम आदमी के लिए आज बंद करेंगे। ऐसे में झालाना लेपर्ड सफारी, सरिस्का, रणथंभोर, अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क, माचिया बायोलॉजिकल पार्क, आकलवुड फॉसिल पार्क, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क सनसेट पॉइंट ट्रेवर्स ट्रेक और ताल छापर अभ्यारण देखने आने वाले पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी आज सफारी और पार्क में भ्रमण नहीं कर सकते है।
राजस्थान बजट के लाइव प्रसारण के आदेश जारी, युवाओं को समर्पित बजट स्कूलों और कॉलेजों में होगा लाइव प्रसारित
राजस्थान में 10 फरवरी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य का बजट पेश करेंगे। यह प्रदेश की 16वीं विधानसभा का आखिरी बजट होगा। राजस्थान के आगामी विधानसभा के चुनाव के नजरिए से यह बजट गहलोत सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। ऐसे में वह चुनाव को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं। 16वीं विधानसभा के बजट के लिए सरकार ने एक फरमान जारी किया है। राजस्थान की सरकार ने यह आदेश दिया है कि सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में बजट का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
कोटा में छात्रा ने फिर किया सुसाइड, बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूद कर दी छात्रा ने जान
कोटा जिले में कोचिंग छात्रों के आत्महत्या करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है। कोटा में आज फिर एक कोचिंग छात्रा ने सुसाइड कर लिया है। आए दिन सामने आ रहे सुसाइड के मामलों से जहां एक ओर प्रशासन हैरान है तो वहीं दूसरी ओर छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के मन में भी डर का माहौल बन गया है। आत्महत्या का ताजा मामला शहर के लैंडमार्क सिटी इलाके का है जहां कोचिंग की एक छात्रा ने मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रहीं है।
प्रदेश में बदलने लगा मौसम का मिजाज, सर्दी का असर कम होने से बढ़ने लगी गर्मी
राजस्थान मौसम अपडेट की खबर में आपको बता दें कि प्रदेश में अब धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन जहां लोगों को अब गर्मी सताने लगी है वही रात में हल्की सर्दी बनी हुई है। मंगलवार व बुधवार को बढ़ी सर्दी का दौर गुरुवार से कम होने लगा। आज फिर प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। धूप में अब धीरे-धीरे तेजी बढ़ रही है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश पर एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके प्रभाव से आगामी 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
चुनावों से पहले कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू, मंत्री परसादी लाल मीणा ने पायलट पर साधा निशाना
राजस्थान में इस साल विधानसभा के चुनाव होने वाले है। इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टिया तैयारियों में जुट गई है। लेकिन कांग्रेस की गुटबाजी अभी समाप्त नहीं हुई है। सिरोही जिले के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अशोक गहलोत गुट के मंत्री परसादी लाल मीणा ने सचिन पायलट पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा है कि साल 2014 और 19 में कौन अध्यक्ष था और उस वक्त आखिर क्यों शून्य सीटें आईं है, क्यों हुए क्लीन बोल्ड? उसकी बात कोई नहीं करता है। व्यक्ति विशेष की बात नहीं होती है। साल 2019 में शून्य सीट आई तो उस समय प्रदेश में हमारी सरकार थी। इससे एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा के इस बयान के कई अर्थ निकाले जा रहे हैं।
गहलोत राज में गरीब बेटी की शादी करना बना गुनाह, दबंगो ने उजाड़ा शादी का मंडप
दौसा जिले के चांदावास ग्रामीण इलाके में एक युवती की शादी से पहले भयंकर बवाल हो रहा है। उसके घर में तोड़फोड़ कर दी गई है और शादी नहीं करने की परिवार को चेतावनी भी दे डाली है। मंडप तोड़ दिया गया है, शादी का सामान नष्ट कर दिया गया है। पीड़ित परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रियंका गांधी से गुहार लगाई है। परिवार ने प्रियंका गांधी को एक मार्मिक पत्र लिखा है। पत्र में युवती ने लिखा है कि क्या मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राज में बेटी की शादी करना गुनाह है, बेटी की शादी क्या नहीं हो सकती है। दरअसल इस पूरे घटनाक्रम के बारे में दौसा जिला के कलेक्टर और एसपी को भी सूचना भेजी गई थी ,लेकिन ना तो कलेक्टर और ना ही एसपी ने कोई कार्रवाई की है। परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग जमीन हथियाना चाहते हैं।
श्रीगंगानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दिखा पाकिस्तान का ड्रोन, बीएसएफ के जवानों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर खदेंड़ा
श्रीगंगानगर में एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन की मूवमेंट देखने को मिली है। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित प्रदेश के सरहदी जिले श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर सेक्टर में 7 और 8 फरवरी की रात को अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन की मूवमेंट एक बार फिर से देखने को मिली है। श्रीकरणपुर सेक्टर के गांव 24 ओ के पिलर संख्या 322 के पास पाकिस्तान ड्रोन की गतिविधियां देखे जाने के बाद सीमा सुरक्षा बल की 77वीं बटालियन के मुस्तैद जवानों द्वारा तकरीबन एक दर्जन राउंड फायर करते हुए पाकिस्तानी ड्रोन को खदेड़ दिया गया है।
*लॉरेंस गैंग ने राजस्थान के क्राइम वर्ल्ड पर जमाया कब्जा, लॉरेंस विश्नोई बना प्रदेश का सबसे बड़ा गैंगस्टर
राजस्थान में आनंदपाल के नाम का आतंक चलता था। साल 2017 में आनंदपाल सिंह को एनकाउंटर में पुलिस ने मार गिराया तो शेखावाटी में राजू ठेहट बेखौफ हो गया। जिसके बाद गैंगस्टर आनंदपाल के गुर्गे लॉरेंस विश्नोई के साथ मिलकर काम करने लगे। हाल ही में 3 दिसंबर 2022 को सीकर में राजू ठेठ की भी बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद से लॉरेंस का राजस्थान के क्राइम वर्ल्ड में एकतरफा राज शुरू हो गया है। पिछले एक महीने में जयपुर समेत कई शहरों के कारोबारियों को धमकी भरे कॉल आए है। फोन कॉल पर करोड़ों की फिरौती मांगी जा रही है।
इस बार का बजट युवाओं पर होगा केंद्रीत, एक लाख नई भर्तियों की घोषणा होने के आसार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल 11 बजे विधानसभा में बजट पेश करने वाले हैं। गहलोत सरकार का यह बजट युवाओं पर फोकस करने वाला होगा। बजट में अलग-अलग विभागों में करीब एक लाख नई भर्तियों की घोषणा होने के आसार हैं। नए रोजगार शुरू करने के लिए सरकार भारी भरकम छूट और पैकेज देने की योजना लाएगी। बजट में फ्री स्कीम्स पर भी खासा फोकस रहने की संभावना है। युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बजट में बहुत सी सीधे लाभ वाली स्कीम्स की घोषणाएं होंगी। महिलाओं के रसोई का बजट कम करने के लिए उज्जवला योजना में पात्र परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा का बजट देना तय है। हर परिवार को महंगाई से राहत देने के लिए फूड किट देने की योजना की भी घोषणा होगी।

