राजस्थान पूर्वमंत्री भाटी ने भाजपा नेताओं को धिक्कारा,कहा छोड़ देनी चाहिए नेतागिरी
आईरा,वार्ता,अख्तर,भाई बीकानेर। जिले में पानी,बिजली और चारे की समस्या को लेकर अपने समर्थकों के साथ कलक्टरी में आमरण अनशन पर बैठे पूर्वमंत्री और दिग्गज नेता देवीसिंह भाटी ने मंगलवार को भाजपा नेताओं को जमकर धिक्कारा। अनशन स्थल पर मीडिया से बातचीत में देवीसिंह ने कहा कि बीते लंबे अर्से से जन समस्याओं को लेकर पंगू बने बैठे रहे भाजपा नेता हमारी देखादेखी ज्ञापन देने पहुंच गये। इन नेताओं से पूछना चाहता हूं कि इतने दिन मर गए थे क्या? प्रदेश में विपक्ष के रूप में भाजपा के आंदोलन करने के सवाल पर भाटी बोले, भाजपा तो तीये की बैठक में आई है। अब क्यों सक्रिय हो रहे हैं। इतने दिन मर गए थे क्या? इनका फर्ज नहीं था क्या? जब गांव और शहर वाले पानी, बिजली और चारे के लिए लड़ रहे थे। तब भाजपा के नेता सामने क्यों नहीं आए। भाटी ने तल्ख लहजे में कहा कि भाजपा नेताओं को जनता की दुख दर्द से कोई लेना देना नहीं है,यह तो अपनी दुकानें चलाने में ज्यादा दिलचस्पी रखते है। भाटी ने कहा कि राजस्थान की सरकार तो जयपुर बैठी रहती है, वो यहां आती नहीं है। दिल्ली वाले यहां आते नहीं है। भाटी ने केंद्र व राज्य सरकारों पर जनता के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। प्रशासन को भी सरकारों का कोई भय नहीं है। प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने के लिए तैयार नहीं है। इसी कारण हमें हल्ला बोल करना पड़ रहा है । भाटी ने चेतावनी दी कि अगर शासन प्रशासन ने जन समस्याओंं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई तो बुधवार को कलक्टरी में जन सैलाब उमड़ पड़ेगा।

