पाकिस्तान में मिला तेल और गैस का बहुत बड़ा भंडार
आईरा समाचार बीकानेर पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में तेल और गैस के बड़े भंडार की खोज हुई है। पाकिस्तान की ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) ने गुरुवार को नए भंडारों की खोज की जानकारी दी। कोहाट जिले में खोजे गए इस भंडार से रोजाना 4100 बैरल तेल का उत्पादन होगा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस महत्वपूर्ण खोज को लेकर देश को बधाई दी और इसे पाकिस्तान के घरेलू ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। पेट्रोलियम और गैस क्षेत्र पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहबाज ने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय खोज को प्राथमिकता देने से पेट्रोलियम आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाने में मदद मिलेगी। पाकिस्तानी अखबार ट्रिब्यून ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस भंडार से रोजाना 4100 बैरल तेल के साथ ही प्रतिदिन 1 करोड़ 5 लाख क्यूबिक फीट गैस का उत्पादन भी होगा। बैठक के बाद जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने इस बड़ी खोज के लिए राष्ट्र को बधाई दी और इससे जुड़े विभागों को उनके काम के लिए तारीफ की।

