भाजपा में फिर हलचल मचा गये बीकानेर दौरे पर आये वसुंधरा लॉबी के तीन नेता।
आईरा वार्ता समाचार,बीकानेर। भाजपा में गरमायी सियासत के बीच मंगलवार को एक फिर बीकानेर दौरे पर वसुधंरा लॉबी के तीन नेता यहां भाजपा में हलचल मचा गये। जानकारी के अनुसार सुबह सडक़ मार्ग से बीकानेर आये इन नेताओं में पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत,पूर्व मंत्री युनुस खान और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी शामिल थे। जो यहां पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी के साथ देशनोक पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं की मिटिंग ली। करीब एक घंटे तक चली इस मिटिंग में शामिल रहे इन नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी सप्ताह बीकानेर आ पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने का आव्हान किया। देशनोक में मिटिंग के बाद यह नेता जयपुर रोड स्थित रिसोर्ट में रूके हैं, जहां बीकानेर भाजपा के कई नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात की और सियासी हालातों में मंथन किया। हैरानी की बात तो यह रही कि प्रदेश भाजपा के तीन बड़े नेताओं के आगमन और उनके कार्यक्रम को लेकर बीकानेर जिला भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं को नहीं दी गई। इसे लेकर शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने भी किसी प्रकार की जानकारी देने से अनभिज्ञता जाहिर कर दी। वहीं संगठन से जुड़े अन्य नेता भी इसे लेकर किसी प्रकार की जानकारी होने से मुकर गये। जानकारी में रहे कि पिछले माह भी प्रदेश भाजपा के यह तीनों नेता बीकानेर आये थे और इनकी देवीसिंह भाटी के साथ मीटिंग हुई। उस मीटिंग के बाद यह बात भी सामने निकलकर आई कि सितंबर माह में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे बीकानेर आयेगी। संभावना जताई जाने लगी कि प्रदेशस्तर के हस्तक्षेप से एक बार फिर भाटी को पार्टी में शामिल किया जाएगा। मगर भाजपा से जुड़े अधिकृत सूत्रों ने इसे लेकर किसी प्रकार की जानकारी से इंकार किया है।