बीकानेर अब एकांतरे होगी पेयजल सप्लाई पेयजल वितरण स्थिति की समीक्षा कर जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
पैंसठ टैंकर्स और छोटे चौपहिया वाहनों से शहर में किया पेयजल परिवहन पैंतीस अतिरिक्त टैंकर अधिग्रहित सोमवार दोपहर 12 बजे तक नहर में पानी चलने की पूरी संभावना
बीकानेर, 22 मई। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने रविवार को पेयजल वितरण मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिए आमजन की पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर ने बताया कि रविवार तक बीकानेर शहर में साठ छोटे और पांच बड़े टैंकर्स के माध्यम से शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति की गई। बड़े टैंकर्स के माध्यम से कादरी कॉलोनी, भट्ठड़ों का चौक, मोहता सराय, प्रताप बस्ती, लोहारों का मोहल्ला और मुक्ता प्रसाद नगर आदि क्षेत्रों में जल परिवहन किया गया। इसी प्रकार शहर की तंग गलियों में पांच छोटे चौपहियां वाहनों पर टंकियों के माध्यम से पानी पहुंचाया गया। जिला कलक्टर ने बताया कि रविवार को 35 अतिरिक्त टैंकर्स अधिग्रहित किए गए, इनके माध्यम से शहर के टेल एंड और ऐसे क्षेत्रों में प्राथमिकता से जल परिवहन किया जाएगा, जहां स्टोरेज की पर्याप्त सुविधा नहीं है। प्रत्येक टैंकर के साथ होमगार्ड का एक-एक जवान दो पारियों में चौबीस घंटे के लिए नियुक्त किया गया है, जिससे टैंकर चालक कहीं और नहीं जा सके।जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में 768 निजी ट्यूबवेल चिन्हित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनके माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपखंड अधिकारियों और पीएचइडी के अधिकारियों को जरूरत के आधार पर और अधिक निजी ट्यूबवेल और टैंकर अधिग्रहित करने के लिए अधिकृत किया गया है।
पेयजल वितरण मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त अधिकारियों ने रविवार को अपने-अपने क्षेत्र का विजिट करते हुए फीडबैक लिया तथा जिला कलक्टर को इससे अवगत करवाया।जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 0151-2226031 को और अधिक सुदृढ़ करते हुए रोजगार विभाग के सहायक निदेशक और नगर विकास न्यास के तहसीलदार को बारह-बारह घंटे के हिसाब से नियुक्त किया गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि नियंत्रण कक्ष पर आने वाले प्रत्येक कॉल से संबंधित क्षेत्र के प्रभारी अधिकारी को तत्काल सूचित किया जाए तथा त्वरित रेसपोंस हो। उन्होंने पेयजल के अवैध कनेक्शन काटने तथा पेयजल सप्लाई के दौरान बूस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाह करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पेयजल सप्लाई के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

