रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शौचालय में महिला यात्री से दुष्कर्म आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसके दो भाइयों और वाहन स्टैंड के कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पीड़िता के परिजनों से मारपीट करने के आरोपी भी घर छोड़कर फरार हैं।
आईरा वार्ता न्यूज क्राइम रिपोर्टर प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शौचालय में महिला यात्री से दुष्कर्म करने का आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसके दो भाइयों और वाहन स्टैंड के कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पीड़िता के परिजनों से मारपीट करने के आरोपी भी घर छोड़कर फरार हैं।उधर, रविवार को पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया। अंतू थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता शुक्रवार की रात अपने पति व परिवार के एक सदस्य के साथ अहमदाबाद जाने के लिए निकली थी। उन्हें शनिवार को प्रयागराज से ट्रेन पकड़नी थी। इसलिए भोर में पैसेंजर ट्रेन से प्रयागराज जाने के लिए तीनों मुसाफिरखाने में रुके थे। देर रात विवाहिता का पति खाना लेने चला गया। काफी देर तक न लौटने पर वह उसकी खोजबीन करने लगी। इस दौरान मुसाफिरखाने में मौजूद कुछ लोग उसकी मदद के बहाने अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते रहे।
करीब चार बजे वह वाहन स्टैंड के कर्मचारी से चाभी लेकर शौचालय चली गई। आरोप है कि पीछे से घुसे एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसके साथ आया परिवार का युवक भी पहुंच गया। विवाहिता की आपबीती सुन युवक ने आरोपी को दबोच लिया, मगर आरोपी के कुछ साथियों ने मारपीट कर उसे भगा दिया था। शनिवार को मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी अन्ना के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसके दो भाइयों व वाहन स्टैंड के कर्मचारी को कोतवाली उठा लाई। उनसे पूछताछ की जा रही है। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश चल रही है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।